जापान में रिलीज के लिए तैयार आदित्य धर की धुरंधर, सामने आई तारीख
फिल्ममेकर आदित्य धर ने कुछ ही दिन पहले बॉलीवुड को उसकी सबसे बड़ी फिल्म धुरंधर दिलाई. इस फिल्म ने ना सिर्फ इंडियन बॉक्स ऑफिस, बल्कि ग्लोबली भी धांसू कमाई की. धुरंधर ने रणवीर सिंह को एक बार फिर सितारा बना दिया है. अब रणवीर जापान में भी धूम मचाने वाले हैं.
फिल्म धुरंधर का पहला पार्ट जल्द जापान में रिलीज किया जाना है. इसका एक टीजर और पोस्टर रिलीज हुआ है, जिसे ऑपरेशन धुरंधर नाम दिया गया है. अब ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड्स बनाने की तैयारी में है. धुरंधर पार्ट 1 को जापान में रिलीज होता देख, इंडियन फैंस काफी खुश हैं. वो टीजर के कमेंट में लिख रहे हैं, ‘कोनिचिवा ल्यारी’.
धुरंधर जापान में 10 जुलाई को रिलीज होगी. वहां इंडियन फिल्मों का अभी तक काफी शानदार रिकॉर्ड रहा है. बॉलीवुड फिल्मों की बात की जाए, तो आमिर खान की ‘3 इडियट्स’ और शाहरुख खान की ‘पठान’ को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. वहीं श्रीदेवी की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश भी काफी थिएटर्स में लगी थी. इंडियन फिल्मों के हिसाब से, एस.एस.राजामौली की RRR जापानी बॉक्स ऑफिस पर हाईएस्ट-ग्रॉसिंग इंडियन फिल्म है, जिसने 139 करोड़ रुपये कमाए थे. ये रिकॉर्ड अभी तक कोई फिल्म नहीं तोड़ पाई है. राजामौली की बाहुबली 2 भी जापान में अच्छी कमाई कर चुकी है. अभी तक जापान में उन्हीं की फिल्मों का दबदबा देखा गया है. अब क्या आदित्य धर अपनी ‘धुरंधर पार्ट 1’ से राजामौली को पछाड़ पाएंगे, ये देखने लायक बात होगी.
बता दें कि धुरंधर पार्ट 1 ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1354 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. करीब डेढ़ महीने तक चली इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड्स तोड़े थे. वहीं इसके पार्ट 2 ने वर्ल्डवाइड 1780 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया, जो अभी भी जारी है. आदित्य धर ने इस फिल्म को दो पार्ट्स में बांट दिया था. इस पूरी फिल्म ने कुल मिलाकर बॉक्स ऑफिस पर 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है.
