एयरो इंडिया 2025 की आज से शुरुआत हो गई। यह शो बेंगलुरु के येलाहेंका एयरफोर्स स्टेशन पर आयोजित किया जा रहा है। जो 14 फरवरी तक चलेगा। एयर शो में तेजस मार्क 1ए विमान ने हवा में 360° चक्कर लगाया। वहीं सुखोई एसयू-30 एमकेआई ने भी आसमान में करतब दिखाया। सूर्य किरण ने हवा में उड़ान के दौरान तीन रंग फैलाए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी के 15वें संस्करण का उद्घाटन किया। शो में करीब 30 देशों के रक्षामंत्री या प्रतिनिधि और 43 देशों के वायु सेना प्रमुख और सचिव मौजूद रहेंगे। शो के पहले 3 दिन बिजनेस विजिटर्स और आखिरी 2 दिन आम लोगों के लिए रहेंगे। इसमें पांचवीं जनरेशन के फाइटर जेट भी शामिल किए गए हैं। अमेरिकी एयरफोर्स ने अपने पांचवीं जनरेशन के फाइटर जेट F-35 को और रूस ने अपने सुखोई-SU-57 को बेंगलुरु के एयर शो में प्रदर्शन के लिए भेजा है।
एयर शो का इनॉगरेशन करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- एयरो इंडिया हमें आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी लाभ के आधार पर संबंधों को बढ़ाने का मंच प्रदान करता है। हमें मिलकर आज की अनिश्चितता और सामने आ रही चुनौतियों से निपटने का प्रयास करना चाहिए। सुरक्षा की कमजोर स्थिति में शांति कभी प्राप्त नहीं हो सकती। हम सभी को मिलकर मजबूत बनना होगा, तभी हम शांति सुनिश्चित कर पाएंगे। वैश्विक अनिश्चितता के इस माहौल में भारत एक ऐसा बड़ा देश है जहां हम शांति और समृद्धि देख सकते हैं। एयर शो में रूस पहली बार पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट एसयू-57 के साथ आया है। रूसी एजेंसी रोसोबोरोनएक्सपोर्ट के महानिदेशक अलेक्जेंडर मिखेव ने भारत को एसयू-57 देने का ऑफर किया है। कहा, हम सप्लाई और जॉइंट प्रोडक्शन के लिए तैयार हैं। हालांकि, भारत ने अब तक इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।