श्रीलंका ने एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से रौंदकर छठी बार खिताब पर कब्जा जमा लिया। श्रीलंका की इस जीत ने उसके देशवासियों को संकट के समय खुश हाेने का मौका दिया है क्योंकि यह देश इस समय भयानक आर्थिक संकटों का सामना कर रहा है। श्रीलंका की इस खिताबी जीत से न केवल उसके देश वाले खुश हैं बल्कि अफगानिस्तान के लोग भी काफी खुश हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो अफगानिस्तान के लोग श्रीलंका की जीत से कम पाकिस्तान की हार से ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं। एशिया कप 2022 फाइनल के बाद अफगानिस्तान के लोगों ने पाकिस्तान पर श्रीलंका की जीत का खूब जश्न मनाया। इतना ही अफगान फैंस मैच के बाद सड़काें पर उतरे आए और उन्होंने जमकर डांस भी किए।
अफगानिस्तान के जर्नलिस्ट अब्दुलहक उमेरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें भारी संख्या में राजधानी काबुल में फैंस सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। श्रीलंका की जीत के बाद लोगों की भारी भीड़ नारों और खुशी के साथ सड़कों पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। लोगों ने सोशल मीडिया पर श्रीलंका को उनकी जीत पर बधाई दी और फाइनल में पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन का मज़ाक भी उड़ाया, खासकर फील्डिंग का।
#Afghans 🇦🇫 Celebrations in Capital #Kabul , #Afghanistan to celebrate Sri Lanka's victory over Pakistan in the #AsiaCup2022Final . pic.twitter.com/8ZnFkN5aKv
— Abdulhaq Omeri (@AbdulhaqOmeri) September 11, 2022
एक यूजर ने ट्वीट किया, “बधाई हो श्रीलंका हमें बहुत खुश करने के लिए धन्यवाद.. अफगानिस्तान खुशी मना रहा है और श्रीलंका की जीत का जश्न मना रहा है।” दूसरे यूजर ने ट्वीट किया, ‘हमने एशिया कप चैंपियन को हराया लेकिन आप 2 बार हारे।”’ इसी पोस्ट में एक अन्य यूजर ने अफगानिस्तान के फैंस द्वारा श्रीलंका की जीत का जश्न मनाते हुए सड़कों पर नाचते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने ट्वीट किया, “इस तरह अफगानिस्तान के लोग श्रीलंका की जीत का जश्न मना रहे हैं।”’
अफगानिस्तान के फैंस श्रीलंका की जीत से ज्यादा पाकिस्तान की हार से इतने खुश दिखाई दे रहे हैं क्योंकि सुपर 4 के एक मुकाबले में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच नोकझोंक देखने मिली थी। इसमें मैच के दौरान पाकिस्तान के बैट्समैन आसिफ अली ने अफगानिस्तान के गेंदबाज फरीद पर बैट उठा लिया था। दोनों खिलाड़ियों के बीच जमकर बहस भी हुई थी। मैच के बाद भी अफगानिस्तान फैंस और पाकिस्तानी फैंस के बीच मारपीट की खबरें भी आई थी।