मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी की तलाश तेज, पुलिस जगह-जगह दे रही दबिश, 50 हजार रुपए का इनाम
उत्तरप्रदेश : मऊ जनपद में माफिया मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा अंसारी की तलाश तेज हो गई है। उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और कुर्की की नोटिस जारी है, लेकिन पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई हैं। मऊ के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दक्षिण टोला थाना क्षेत्र में अफसा अंसारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश कर रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इसके बावजूद वह अभी तक गिरफ्तार नहीं हो सकी हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। अफसा अंसारी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। यह मामला दक्षिण टोला में एक सोसाइटी के गोदाम से संबंधित है, जिसमें कई सदस्यों पर मुकदमा दर्ज किया गया था और उन सभी पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया है। कोर्ट द्वारा नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
