अगरकर ने 2027 वर्ल्डकप तक कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाने की मांग की, BCCI से रिक्वेस्ट की, 2023 में पद संभाला था
भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने अपने कॉन्ट्रैक्ट को 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक बढ़ाने की इच्छा जताई है। उन्होंने इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से एक्सटेंशन मांगा है। अगरकर का मौजूदा कार्यकाल पहले ही बढ़ाया जा चुका है। 2025 IPL से पहले BCCI ने उनका कॉन्ट्रैक्ट एक साल के लिए बढ़ाकर जून 2026 तक कर दिया था। पूर्व तेज गेंदबाज अगरकर को जुलाई 2023 में टीम इंडिया की सिलेक्शन कमेटी का चेयरमैन बनाया गया था। अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप और पिछले साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। इसके अलावा, टीम इंडिया 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में भी पहुंची थी। जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार मिली थी। इसके अलावा टीम ने हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप खिताब भी डिफेंड किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मुद्दे पर पहले ही चर्चा हो चुकी है। अब देखना यह है कि क्या BCCI अगरकर के रिक्वेस्ट को मंजूरी देता है या नहीं। हालांकि फिलहाल, बोर्ड के पास इस पद के लिए कोई मजबूत विकल्प नहीं है। भारतीय टीम के लिए अगली चुनौती वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप और वनडे वर्ल्ड कप है।
पिछले साल एक रिपोर्ट आई थी उसके मुताबिक, अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 से पहले रिन्यू किया गया था। एक BCCI अधिकारी ने बताया, उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने खिताब जीते और बदलाव (टेस्ट और टी-20 में) भी देखा। BCCI ने उनका कॉन्ट्रैक्ट जून 2026 तक बढ़ा दिया था और उन्होंने कुछ महीने पहले इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था। अगरकर करियर में 349 इंटरनेशनल विकेट ले चुके हैं। उन्होंने टेस्ट में 58, वनडे में 288 और टी-20 इंटरनेशनल में 3 विकेट लिए हैं।
