अग्निवीर बनने की उम्र में इजाफा, सेना की वेबसाइट पर आवेदन भी शुरू
अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर की भर्ती रैली के लिए रक्षा मंत्रालय ने एक बड़ा बदलाव किया है। युवाओं को और अधिक देने के लिए सेना भर्ती मुख्यालय ने अग्निवीर के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आयु सीमा को एक वर्ष बढ़ा दिया है। अब अधिकतम 22 वर्ष आयु के अभ्यर्थी अग्निवीर बनने के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए भर्ती के लिए आवेदकों की जन्मतिथि के माह में संशोधन किया गया है। इसका लाभ महिला मिलिट्री पुलिस में अग्निवीर जनरल डयूटी के लिए आवेदन करने वाली उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की युवतियों को भी मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने भर्ती कैलेंडर वर्ष 2027 के तहत अग्निवीर, महिला मिलिट्री पुलिस, नर्सिंग सहायक और सिपाही फार्मा के आनलाइन आवेदन शुक्रवार से शुरू कर दिए। पात्र अभ्यर्थी सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर एक अप्रैल तक आनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। आनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) एक से 15 जून तक प्रस्तावित है।
सेना में अग्निवीर जीडी, तकनीकी, क्लर्क, स्टोरकीपर तकनीकी, ट्रेड्समैन और महिला मिलिट्री पुलिस में अग्निवीर जीडी बनने के लिए आयु सीमा न्यूनतम साढ़े सत्रह वर्ष और अधिकतम 21 वर्ष थी। सेना एक अक्टूबर से एक अप्रैल को आवेदकों की जन्मतिथि को आधार मानकर यह आयुसीमा तय करती थी। ट्रेनिंग शेल्डयूल्ड में देरी के चलते बटालियन पहुंचने तक कुछ आवेदक अधिकतम आयुसीमा को पार कर जाते थे। इसे देखते हुए इस बार अग्निवीर भर्ती के लिए सेना ने जन्मतिथि के आधार को बदलकर जुलाई तय कर दिया है। वर्ष 2027 की भर्ती के कैलेंडर वर्ष के लिए आवेदकों की आयु एक जुलाई 2005 से एक जुलाई 2009 के बीच रखा गया है।
सेना भर्ती मुख्यालय के अधीन आने वाले लखनऊ, आगरा, अमेठी, बरेली, मेरठ, वाराणसी, अल्मोड़ा, लैसडाउन और पिथौरागढ़ सहायक भर्ती कार्यालय के आवेदन नए नियमों के तहत आवेदन करेंगे। पिछले साल करीब 3:35 लाख युवाओं ने अग्निवीर बनने के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। सीईई में सफल हुए अभ्यर्थियों को ही भर्ती रैली का प्रवेश पत्र जारी किया गया था।
आपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रोन जैसी तकनीक का इस्तेमाल करने वाली सेना जमीनी स्तर पर जवानों को और आधुनिक बना रही है। इसी को देखते हुए अग्निवीर तकनीकी के लिए दो श्रेणी मं भर्ती करेगी। साफ्टवेयर डेवलपमेंट, वेब अप्लीकेशन सहित नई शिक्षा नीति 2020 के तहत छह ट्रेड में वोकेशनल डिग्री लेने वाले युवाओं को हिस्सा मिलेगा।
वहीं, दसवीं पास और दो साल आइटीआइ ट्रेनिंग और ऐसे डिप्लोमा धारक सूचना तकनीक, वेसल्स नेवीगेटर, कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर इंजीनियरिंग सहित 20 ट्रेड में पारंगत हैं, उनको भी अग्निवीर बनने का मौका मिलेगा।
अग्निवीर के अलावा सेना पूर्णकालिक सेवा वाली सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, नर्सिंग सहायक (वेटेनेरी) और सिपाही फार्मा के लिए भी आनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, नर्सिंग सहायक (वेटेनेरी) के पदों के लिए न्यूनतम साढ़े सत्रह और अधिकतम 23 वर्ष की आयु होना अनिवार्य है। आवेदकों की जन्मतिथि का आधार एक जुलाई 2004 से एक जुलाई 2009 के बीच होगी। सिपाही फार्मा के लिए न्यूनतम आयु 19 और अधिकतम 25 वर्ष होना चाहिए।
