दिल्ली सहित 3 राज्यों की हवा खतरनाक हुई, राजधानी की वायु गुणवत्ता बहुत खराब…

राष्ट्रीय

ठंड शुरू होने से पहले दिल्ली सहित देश के 3 राज्यों में हवा खतरनाक होने लगी है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली में 306 AQI दर्ज की गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में इसे इंसानों के लिए बहुत खराब माना जाता है।

वहीं नोएडा में सोमवार सुबह आसमान में स्मॉग की मोटी परत जमा हो गई। यहां AQI 322 दर्ज की गई। इसके अलावा मुंबई में भी हवा मध्यम दर्जे पर पहुंच गई। यहां सुबह AQI 127 तक पहुंच गया था। भोपाल का एयर क्वालिटी इंडेक्स सोमवार को 33 रहा। यानी भोपाल की हवा सबसे बेहतर है।

दिल्ली की हवा खराब से बहुत खराब की श्रेणी में पहुंच गई है। रविवार दोपहर को AQI 302 पर पहुंच गया, जो सोमवार सुबह 4 पाइंट बढ़कर 306 हो गया। शनिवार को यह 173 थी, जो रविवार सुबह को अचानक से बढ़कर 266 हो गई। सोमवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के आस-पास हवा की गुणवत्ता AQI 330 और इंडिया गेट पर AQI 266 दर्ज की गई।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में ठंड बढ़ने लगी है और हवा की गति कम हो गई है, इससे प्रदूषण में बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर में मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें दिवाली, दशहरा और पराली को लेकर बात की जाएगी।

साथ ही आस-पास के राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों ने आश्वासन दिया है कि पराली जलाने पर कार्रवाई की जाएगी। राय ने कहा कि दिवाली, दशहरा और पराली का ध्यान रखना होगा। अगले 10 से 15 दिन दिल्ली के लिए महत्वपूर्ण हैं।