एअर इंडिया की फ्लाइट को बम ब्लास्ट की धमकी, 8 घंटे बाद मुंबई लौटी

राष्ट्रीय

महाराष्ट्र : मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-119 को आज सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद फ्लाइट को लौटाकर मुंबई लाया गया। फ्लाइट में 19 क्रू मेंबर्स समेत 322 यात्री सवार थे। बोइंग 777 विमान ने सोमवार तड़के 2 बजे मुंबई से उड़ान भरी थी और 10:25 बजे वापस लौट आया। विमान में 303 यात्री और 19 चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान के उतरने के बाद हवाई अड्डे पर उसकी गहन जांच की गई, जिसमें बम धमाके की धमकी झूठी निकली। एयर इंडिया की उड़ान AI-119 मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी हवाई अड्डे तक 15 घंटे में पहुंचनी थी।

विमान जब अजरबैजान के ऊपर उड़ रहा था, तभी धमकी का पता चला, जिसके बाद चालक दल के सदस्यों को जानकारी दी गई। चालक दल ने आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद सभी यात्रियों को मुंबई लाकर सुरक्षित तरीके से उतारा। यात्रियों को आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं दी गई हैं। एयर इंडिया के प्रवक्ता का कहना है कि सभी यात्रियों को सहायता प्रदान की गई है, अब न्यूयॉर्क के लिए नई उड़ान मंगलवार सुबह 5 बजे निर्धारित की गई है।