बैंकॉक से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट लौटी, भारतीय यात्री ने हंगामा किया था

बैंकॉक से मुंबई आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2338 को एक यात्री के हंगामे के चलते लौटना पड़ा। विमान ने बुधवार रात 8:20 बजे बैंकॉक के सुवर्णभूमि एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। इसके बाद यात्री के अजीब व्यवहार के कारण पायलट ने विमान को वापस ले जाने का फैसला किया। विमान रात 10:40 बजे बैंकॉक एयरपोर्ट पर उतर गया। विमान में सवार एक यात्री ने भास्कर को बताया कि विमान में सवार एक भारतीय यात्री अजीब तरीके से पेश आ रहा था और हंगामा कर रहा था। हालात को देखते हुए पायलट ने घोषणा की कि विमान को वापस बैंकॉक ले जाया जा रहा है।

विमान के बैंकॉक में उतरने के बाद मेडिकल टीम पहुंची और यात्री को अपने साथ ले गई। फिलहाल यात्री के इस तरह व्यवहार करने की वजह और उसकी तबीयत के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।

इसके 45 मिनट बाद फ्लाइट ने बैंकॉक से मुंबई के लिए उड़ान भरी। एअर इंडिया की ओर से भी घटना पर आधिकारिक बयान नहीं आया है।

विमान में हंगामा करने वाले यात्री पर उसके व्यवहार के हिसाब से कानूनी कार्रवाई हो सकती है। अगर यात्री क्रू के निर्देश नहीं मानता, किसी को धमकी देता है या विमान की सुरक्षा में बाधा डालता है, तो मामला गंभीर हो सकता है। ऐसी स्थिति में पायलट को विमान वापस ले जाने का फैसला भी लेना पड़ सकता है।

विमान में होने वाले अपराधों से निपटने के लिए 1963 में टोक्यो कन्वेंशन हुआ था। यह अंतरराष्ट्रीय समझौता विमान के अंदर अपराध या अनुशासन बिगाड़ने वाली घटनाओं से जुड़े अधिकारों और जिम्मेदारियों को तय करता है।