ईरान-इजराइल जंग के चलते एअर इंडिया की फ्लाइट मुंबई लौटी, दिल्ली से इजराइल जा रहा था विमान

ईरान पर ईजराइन और अमेरिका की स्ट्राइक के बीच इजराइल एयरस्पेस बंद कर दिया गया है। इस वजह से एअर इंडिया ने शनिवार को अपनी दिल्ली-तेल अवीव फ्लाइट मुंबई डायवर्ट कर दी।

एयरलाइन ने कहा… 28 फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव के लिए ऑपरेट करने वाली AI139, इजराइल में एयरस्पेस बंद होने और यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के हित में भारत लौट रही है। फ्लाइट को मुंबई डायवर्ट कर दिया गया है।

साथ ही एअर इंडिया और इंडिगो ने हमले के बाद मिडल ईस्ट अपने फ्लाइट ऑपरेशंस को रोक दिया है। इसी के साथ एअर इंडिया ने इससे जुड़ी ज़्यादा जानकारी के लिए +91 1169329333, +91 1169329999 नंबर भी जारी किए हैं।

दरअसल, इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर हमला कर दिया है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह तेहरान समेत कई शहरों में धमाके सुने गए हैं और हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं। ईरान ने भी इजराइल पर जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने पलटवार करते हुए करीब 400 मिसाइलें दागी हैं।

एयर इंडिया ने कहा कि हम अपने फ्लाइट ऑपरेशन के लिए सुरक्षा माहौल का आकलन करते रहेंगे और जरूरत के हिसाब से ऑपरेशन को पहले से एडजस्ट करेंगे।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, बोइंग 777 एयरक्राफ्ट से ऑपरेट की गई यह फ्लाइट पांच घंटे से ज्यादा समय तक हवा में रही और एयरलाइन ने सऊदी अरब के एयरस्पेस में आने पर वापस लौटने का फैसला किया।

एयर इंडिया ने भी इस अचानक हुई स्थिति की वजह से यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया। इस बीच, इंडिगो ने कहा कि वह ईरान और उसके एयरस्पेस से जुड़े रीजनल अपडेट्स पर करीब से नजर रख रहा है।