मुंबई से लंदन जाने वाली एअर इंडिया फ्लाइट की उड़ान में 6 घंटे की देरी, रातभर सो नहीं पाए यात्री

मुंबई से लंदन के लिए रवाना होने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI129 देरी का शिकार बनी हुई है यह फ्लाइट मूल रूप से सुबह 6:30 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते अब तक मुंबई एयरपोर्ट पर ही खड़ी है. एअर इंडिया अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट में आई तकनीकी दिक्कतों को ठीक किया जा रहा है और अब इसके दोपहर 1 बजे टेकऑफ करने की संभावना है.फ्लाइट में सफर करने वाली एक यात्री ने बताया कि शुरू में यात्रियों को सूचना दी गई थी कि बोर्डिंग में केवल आधे घंटे की देरी होगी. यात्री ने बताया कि तय समय 5:20 बजे की जगह उन्हें सुबह 6 बजे बोर्ड कराया गया. यात्रियों ने उम्मीद जताई थी कि फ्लाइट जल्द ही उड़ान भरेगी, लेकिन सभी को करीब एक से डेढ़ घंटे तक विमान के अंदर बैठा रहने के बाद अचानक घोषणा की गई कि तकनीकी खराबी के चलते सभी को फ्लाइट से उतरना होगा.

करीब 8 बजकर 15 मिनट पर यात्रियों को विमान से नीचे उतारा गया और उनके हैंड बैग की दुबारा जांच की गई. इसके बाद उन्हें बताया गया कि फ्लाइट दोपहर 12 बजे रवाना होगी. हालांकि बाद में एअर इंडिया की ओर से नया अपडेट दिया गया कि उड़ान अब दोपहर 1 बजे टेकऑफ करेगी. रातभर जागकर तड़के की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे यात्रियों को इस देरी के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई यात्री एयरपोर्ट पर थके हुए और नाराज दिखे.

एअर इंडिया के एक अधिकारी ने कहा, “फ्लाइट में तकनीकी समस्या आने के कारण देरी हुई है. हमारी टीम जल्द से जल्द इसे दुरुस्त करने में जुटी है. यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.” फिलहाल एअर इंडिया ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से उड़ान भराने की हर कोशिश की जा रही है.