अजित पवार के बेटे बोले- VSR विमान पर बैन लगे, इंस्टाग्राम स्टोरी में हादसे पर सवाल उठाया

महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी CM अजित पवार के बेटे जय पवार ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर लिखा कि VSR वेंचर्स के विमानों के उड़ने पर रोक लगा देनी चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र के बारामती में 28 जनवरी को हुए प्लेन क्रैश की पारदर्शी और पूरी जांच की मांग की। जय पवार ने इंस्टाग्राम स्टोरी में इस हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने हादसे पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा, प्लेन क्रैश में ब्लैक बॉक्स आसानी से नष्ट नहीं होते। महाराष्ट्र के लोगों को इस दिल दहला देने वाली त्रासदी का पूरा, पारदर्शी और बिना किसी शक के सच जानने का अधिकार है। पवार ने आगे लिखा कि VSR वेंचर्स के एयरक्राफ्ट के मेंटेनेंस में गड़बड़ियों की पूरी और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने एक इमोशनल मैसेज भी शेयर किया और लिखा- मिस यू डैड।

 

पुणे के बारामती में 28 जनवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित 5 लोगों की प्लेन क्रैश में मौत हुई थी। अजित की पत्नी और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने मंगलवार को CM देवेंद्र फडणवीस से मिलकर मामले की CBI जांच की मांग की थी।