हरियाणा के अंबाला जिले में शुक्रवार सुबह से बादल बरस रहे हैं, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया है। लगातार हो रही बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि,पहाड़ी इलाकों में बारिश होने के बाद अंबाला वासियों की मुश्किलें भी बढ़ी हुई हैं, क्योंकि बाढ़ की मार झेल चुके लोग अभी उभरे नहीं हैं।
सुबह साढ़े 8 बजे तक करीब 3 घंटे जिलेभर में 5 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं आज बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी एक से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 जुलाई से 1 अगस्त तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। 29 और 30 जुलाई को एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होगी।
28 जुलाई को पूरे हरियाणा में यलो अलर्ट है। 29 जुलाई को भी केवल सिरसा जिले को छोड़ बाकी हरियाणा में यलो अलर्ट रहेगा।