अलवर: बोरवेल में गिरा 9 साल का बच्चा, 48 फीट की गहराई पर मिट्टी और पाइप के बीच फंसा; बचाव कार्य जारी
जयपुर। अलवर जिले के बुटोली गांव में नौ वर्षीय बच्चा खेलते हुए तीन सौ फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। बच्चा करीब 48 फीट गहराई पर मिट्टी व पाइप के बीच फंसा हुआ है। देर रात तक बचाव कार्य जारी रहा, पर बच्चे को नहीं निकला जा सका। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे भानू अन्य बच्चों के साथ खेल रहा रहा था। इसी दौरान वह खुले बोरवेल में गिर गया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अफसरों की टीम आपदा प्रबंधन दल के साथ मौके पर पहुंची। बच्चे को बाहर निकालने के लिए बोरवेल के आसपास जेसीबी व अन्य मशीनों से खुदाई की गई।
स्वजन बार-बार बच्चे को आवाज दे रहे हैं, जिसका वह जवाब दे रहा है। रस्सी के सहारे पानी की बोतल, बिस्किट बच्चे तक पहुंचाए गए। बोरवेल काफी समय से बंद था, काम नहीं आ रहा था।
