अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को 7145 तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। इसके साथ ही 29 दिनों में तीर्थयात्रियों की संख्या 4,51,485 तक पहुंच गई है। वर्ष 2023 में 62 दिनों की यात्रा के दौरान 4.45 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेका था। इस साल 52 दिवसीय यात्रा 19 अगस्त तक चलेगी। इस वर्ष पांच लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। हर दिन करीब 8 से 10 हजार तीर्थयात्री पवित्र गुफा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि यह संख्या पहले से कम हुई है, लेकिन अब तक मौसम ने तीर्थयात्रियों का पूरा साथ दिया है। एक दिन खराब मौसम के कारण बालटाल और पहलगाम मार्ग को स्थगित करना पड़ा, जबकि बाकी दिन सामान्य रूप से चलते रहे। इस साल 16 दिनों में 308,903 तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए, जबकि 2023 में 21 दिनों में 307,354 तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इसके बाद इस साल 24 दिनों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 417509 हो गई है। आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 63 छोटे वाहनों में 1771 तीर्थयात्रियों का जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ है। इसमें 30 वाहनों में 772 तीर्थयात्री बालटाल मार्ग गए, जिनमें 476 पुरुष, 268 महिलाएं, 1 बच्चा, 23 साधु और 4 साध्वियां शामिल थीं।
