मार्च से अंबिकापुर-दिल्ली हवाई सेवा, बिलासपुर होगा स्टॉपेज, 4500-6000 किराया

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल्ली के लिए हवाई सेवा मार्च के आखिरी सप्ताह से शुरू होगी। एलायंस एयर मां महामाया एयरपोर्ट से हफ्ते में दो दिन सोमवार और बुधवार को फ्लाइट चलाएगी। यह उड़ान बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। 4500 से 6000 रुपए इसका फेयर हो सकता है। फिलहाल एलायंस एयर बिलासपुर से दिल्ली के बीच हफ्ते में तीन दिन सेवा दे रही है। करीब दो साल पहले कंपनी के अधिकारी अंबिकापुर आकर एयरपोर्ट की सुविधाओं का जायजा ले चुके थे। एलायंस एयर 72 सीटर ATR विमान का संचालन करेगी। अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिसंबर 2024 में हवाई सेवा की शुरुआत हुई थी। उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी। लेकिन शुरुआती दिनों में अनियमित उड़ान के कारण यह सेवा केवल छह महीने तक ही चल सकी। पिछले छह महीने से अधिक समय से इसका संचालन पूरी तरह बंद है।

2 साल पहले एलायंस एयर ने अंबिकापुर और बिलासपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। फिलहाल कंपनी बिलासपुर से दिल्ली के बीच मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को उड़ान संचालित कर रही है। अब सोमवार को भी फ्लाइट जोड़ी जाएगी। फ्लाइट का बेस फेयर 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने का अनुमान है। बिलासपुर-दिल्ली मार्ग पर सामान्यतः बेस फेयर 4000 रुपये से अधिक रहता है।