‘भारत के सामने अमेरिकी स्ट्रैटेजी फेल, ट्रंप के कॉल इस कारण नहीं उठा रहे PM मोदी…’,
जर्मन अखबार फ्रैंकफर्टर ऑलगेमाइन के लेख में ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को चार बार कॉल करने की कोशिश से जुड़े दावे की राजनीतिक गलियारों में चर्चा है. अखबार का दावा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से चार बार पीएम मोदी से फोन पर बातचीत की कोशिश की गई. अखबार फ्रैंकफर्टर ऑलगेमाइन (FAZ) ने लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारों ही बार ट्रंप से बात करने से मना कर दिया. इस अखबार के दावे पर अभी तक भारत सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, हालांकि सूत्रों ने खारिज किया है. जर्मन अखबार एफएजेड ने भारत-अमेरिका संबंधों के आयाम और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पैदा हुए विवाद पर विस्तार से टिप्पणी की है. इसके अनुसार जिस शर्मनाक तरीके से अमेरिकी राष्ट्रपति उपमहाद्वीप को अपनी अर्थव्यवस्था खोलने के लिए मजबूर करने की कोशिश कर रहे हैं, वह भारतीय सरकार के मुखिया को अतीत के एक कड़वे अनुभव की याद दिलाता है. फ्रैंकफर्टर ऑलगेमाइन ने लिखा है कि फरवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में अपने अतिथि की “महान नेता” कहकर प्रशंसा की और मोदी को “हमारी साथ-साथ यात्रा” पर एक फोटोबुक भेंट की. अब ट्रंप ने अपना सुर बदल दिया है और इस गौरवशाली देश को “मृत अर्थव्यवस्था” कहा है. ट्रंप की भड़ास दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाले देश में अमेरिकी एग्रीकल्चर कंपनियों को एंट्री नहीं देने से साफ दिख रही है.
इस लेख के अनुसार इस बात के संकेत हैं कि प्रधानमंत्री ट्रंप से नाराज हैं. फ्रैंकफर्टर ऑलगेमाइन की सूचनाओं के अनुसार हाल के सप्ताहों में ट्रंप ने चार बार भारत के प्रधानमंत्री से बात करने की कोशिश की, लेकिन पीएम मोदी ने इनकार कर दिया. एफएजेड का मानना है कि इस घटनाक्रम में हैरानी की बात यह है कि ट्रंप ने मोदी को मनाने के लिए कई कोशिशें की हैं. लेकिन भारत का अभी भी बातचीत से इनकार करना उनके गुस्से की गहराई को दर्शाता है. लेकिन भारत का ये व्यवहार उसकी कूटनीतिक सावधानी को भी दिखाता है. ट्रंप ने इससे पहले अमेरिका और वियतनाम के बीच एक ट्रेड डील की घोषणा की थी. इस व्यापार समझौते के लिए अमेरिका और वियतनाम के प्रतिनिधिमंडलों के बीच सावधानीपूर्वक बातचीत की गई थी. इस दौरान ट्रंप ने वियतनाम के नेता टो लाम के साथ टेलीफोन पर बातचीत की थी. लेकिन किसी समझौते पर पहुंचने से पहले ही ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर घोषणा कर दी थी कि उन्होंने एक व्यापार समझौते पर बातचीत कर ली है. भारत के प्रधानमंत्री पीएम मोदी ट्रंप के इस जाल में नहीं फंसना चाहते हैं. न्यूयॉर्क में काम करने वाले पॉलिसी एक्सपर्ट मार्क फ्रेजियर कहते हैं कि
भारत की इकोनॉमी पर कमेंट करते हुए अखबार में कहा गया है कि भारत के कुल निर्यात का 20 फीसदी हिस्सा अमेरिका को जाता है. मुख्यत कपड़े, रत्न और ऑटो पार्ट्स. अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि भारत की अर्थव्यवस्था 6.5 प्रतिशत की बजाय प्रति वर्ष केवल 5.5 प्रतिशत की दर से ही बढ़ सकती है. हालांकि घरेलू स्तर पर पीएम मोदी के के लिए चुनौतियां होंगी क्योंकि भारत में ट्रंप के प्रति भावनाएं तेजी से बदल रही हैं.
वहीं आज से यानी कि 27 अगस्त से भारत से अमेरिका को होने वाले चुनिंदा निर्यातों पर 50 फीसदी का टैरिफ लागू हो गया है. इन निर्यातों पर 25 फीसदी टैरिफ 7 अगस्त से ही लागू है. अमेरिका ने रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से भारत पर 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाया है. अमेरिका के इस कदम से भारत से अमेरिका को होने वाले 48 अरब ड़ॉलर पर सीधा असर पड़ेगा.
