अमित शाह कोलकाता पहुंचे, BJP विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे, आज बंगाल CM का ऐलान हो सकता है
पश्चिम बंगाल में नई BJP सरकार के गठन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं। शाह को राज्य में विधायक दल का नेता चुनने के लिए BJP का सेंट्रल ऑब्जर्वर बनाया गया है। वे दोपहर 2 बजे BJP विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में विधायक दल के नेता और नए मुख्यमंत्री का ऐलान किया जा सकता है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। CM बनने की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे हैं। सुवेंदु ने CM ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। सुवेंदु नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते। यहां से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था। बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आए। BJP ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
4 मई को 293 सीटों के नतीजे आए। भाजपा को 207 सीटें मिलीं। TMC सिर्फ 80 पर सिमट गई। राज्य में कुल 294 विधानसभा सीट हैं, एक सीट फालता पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा। रिजल्ट 24 मई को आएगा।
