पाताल से भी ढूंढ कर लाएंगे… दिल्ली बम धमाके के दोषियों को अमित शाह की चेतावनी
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि दिल्ली धमाके के दोषियों को पाताल से भी ढूंढ कर लाएंगे और उनके लिए कठोरतम सजा सुनिश्चित करेंगे। गृहमंत्री शाह सोमवार को उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की 32वीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद को जड़ से खत्म करना सरकार की सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के अब तक के ट्रैक रिकॉर्ड के अनुरूप, दिल्ली बम विस्फोट के दोषियों को पाताल से भी ढूंढ निकाला जाएगा। उन लोगों को देश के कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट में 15 लोगों की जान चली गई थी। पिछले सप्ताह कैबिनेट ने आधिकारिक तौर पर इस घटना को एक ‘जघन्य आतंकवादी हमला’ करार दिया। साथ ही आश्वासन दिया था कि इस घटना में शामिल लोगों को ‘कड़ी से कड़ी सजा’ दी जाएगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि कार्रवाई इतनी कठोर होगी कि वैश्विक संदेश जाए कि भारत में इस तरह के हमले की किसी को भी हिम्मत नहीं करनी चाहिए। शाह ने कहा था कि दिल्ली आतंकवादी हमले के अपराधियों को दी गई सजा दुनिया को यह संदेश देगी कि हमारे देश में इस तरह के हमले के बारे में सोचने की भी किसी को हिम्मत नहीं करनी चाहिए। सोमवार को, एनआईए ने आतंकवादी से जुड़े एक अन्य प्रमुख साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया, जो विस्फोट करने वाली कार चला रहा था।
