अमरावती यौन उत्पीड़न के आरोपी के घर बुलडोजर चलाया, दावा- 180 नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया

महाराष्ट्र में अमरावती जिले के परतवाड़ा में लड़कियों के यौन शोषण के मुख्य आरोपी मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर के घर पर प्रशासन ने बुधवार को बुलडोजर चलाया। जांच के लिए प्रशासन ने 46 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) बनाया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तनवीर समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी लड़कियों को फंसाते थे, फिर उन्हें मुंबई और पुणे ले जाकर अश्लील वीडियो बनाते थे। पुलिस ने इन चारों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया। जहां उन्हें सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। दावा है कि आरोपियों के पास 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो मिले हैं, जिनसे वह लड़कियों को ब्लैकमेल कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि अब तक किसी भी पीड़ित ने शिकायत के लिए सीधे संपर्क नहीं किया है। पुलिस ने पीड़ितों और उनके परिवारों से आगे आकर जांच में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही उनकी पहचान सुरक्षित रखने का आश्वासन दिया है। तनवीर को 11 अप्रैल को हिरासत में लिया गया, जब उसके साथ कुछ महिलाओं और लड़कियों के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।

अब पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी ने अश्लील वीडियो अपने दोस्तों या किसी संगठित गिरोह के साथ शेयर किए थे या नहीं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, इस डिवाइस में कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनकी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में स्थानीय मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग भी थाने पहुंचे। इन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के मुताबिक, राज्यसभा सांसद अनिल चोंडे की शिकायत के बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने ग्रामीण एसपी विशाल आनंद को ज्ञापन देकर मामले की जांच के लिए SIT बनाने की मांग भी की थी। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी वॉटसऐप और स्नैपचैट ग्रुप के जरिए नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाता था। वह उन्हें फंसाकर अपने साथ ले जाता और फिर उनका शोषण करता था।