आंध्र प्रदेश-छात्राओं पर आरी से हमले के आरोपी का एनकाउंटर

आंध्र प्रदेश में स्कूली छात्रा पर आरी से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने रविवार रात एनकाउंटर किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को सीन रिक्रिएशन के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने लगा। उसे काबू करने की कोशिश में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने सेल्फ डिफेंस में गोली चलाई। कुल छह राउंड फायर किए गए, जिससे आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार को स्कूल की क्लास के अंदर 10वीं की छात्रा पर पावर चेनसॉ (बिजली से चलने वाली आरी) से हमला किया गया। हमले में छात्रा का दायां हाथ कट गया और चेहरे, गर्दन और कान पर गंभीर चोटें आईं। उसे बचाने पहुंची दूसरी छात्रा भी घायल हो गई थी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लास में पढ़ाई चल रही थी। तभी आरोपी हेमंत उर्फ डुम्मू वहां पहुंचा और छात्रा पर हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी धर्मावरम मंडल के नागलुर गांव का रहने वाला है। घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी को मजदूर समझकर स्कूल में एंट्री दी गई।