घर के बाहर पौधा लगाने से नाराज़, स्व सहायता समूह की महिलाओं का हंगामा… युवती को जमकर पीटा

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में पेड़-पौधे लगाने से नाराज स्व सहायता समूह की महिलाओं ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर जमकर हंगामा मचाया। उन्होंने युवती और महिला पर हमला भी कर दिया। महिलाओं की दबंगई का VIDEO भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं मिलकर एक युवती की डंडे से पिटाई करती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मामले में समूह की महिलाओं पर बलवा का केस दर्ज कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार हेमीन वस्त्रकार मंगला के दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहती हैं। वे गृहणी हैं। उन्होंने अपने घर के सामने की जमीन को घेरकर उसमें पौधे लगाए हैं। आवासीय कॉलोनी से लगे ग्राम लोखंडी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय हैं, जो आवासीय कॉलोनी में शासकीय जमीन पर कब्जा करने का विरोध कर रही हैं। रविवार दोपहर समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंच गईं। उनके हाथ में लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी रखा था।

हेमीन वस्त्रकार ने बताया कि रविवार दोपहर को वह अपने घर पर थीं। उसी समय महिलाएं उनके घर का दरवाजा खटखटाने लगीं। दरवाजा खोलते ही अंदर घुसकर हंगामा मचाते हुए महिलाएं गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगीं। उनका कहना था कि घर के सामने की जमीन पर जो पौधे लगाएं हैं उसे तत्काल हटाओ। नहीं तो उसे हम तोड़फोड़ कर हटा देंगे।

आरोप है कि उनकी हरकतों का विरोध करने पर महिलाओं ने उनके साथ झूमा-झटकी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान पड़ोसी प्रभा जायसवाल बीच-बचाव करने आई, तब उनके साथ भी मारपीट की गई।

बताया जा रहा है कि हंगामा मचाने और मारपीट करने के बाद महिलाओं ने उन्हें बाहर निकलने नहीं दिया और घेर लिया। परेशान हेमीन बाई और परिवार के सदस्यों ने पुलिस को डायल 112 पर कॉल किया, तब पुलिस के आने से पहले ही महिलाएं वहां से चली गई। इधर, हेमीन वस्त्रकार ने इस घटना की शिकायत की, जिस पर पुलिस ने स्व सहायता समूह की महिलाओं पर केस दर्ज कर लिया है।

स्व सहायता समूह की महिलाओं का हंगामा और मारपीट करने का ये VIDEO भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाएं हाथ में लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर हंगामा करते हुए युवती के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं।