₹40000Cr के बैंक फ्रॉड का मामला… अनिल अंबानी को ED का नया समन, शेयर भी फिसले

देश के सबसे अमीर इंसान मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने 40,000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड जुड़े मामले में ये समन जारी किया है, क्योंकि बुधवार को वे इस सप्ताह निर्धारित तारीख को ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे. इस खबर को असर अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप की कंपनियों पर देखने को मिल रहा है.

40000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में अनिल अंबानी को प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक नया समन जारी किया है और ईडी हेडक्वार्टर में पेश होने के लिए तलब किया है. इसके लिए 26 फरवरी की तारीख तय की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी ने भी दो बार सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया है और ईडी के सामने पेश नहीं हुई हैं. हालांकि, उनके संबंध में अभी पेश के लिए नई तारीख से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

गौरतलब है कि बीते साल जुलाई 2025 से शुरू हुई इस जांच में अनिल अंबानी अगस्त 2025 में एक बार ईडी के सामने पेश हुए थे. वहीं इस संबंध में पिछली सुनवाई 4 फरवरी को हुई थी. ईडी के अधिकारियों की मानें, तो सुनवाई के दौरान अदालत ने दंपति को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अलग-अलग बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था. अनिल अंबानी को 18 फरवरी को तलब किया गया था, जबकि उनकी पत्नी टीना अंबानी को 17 फरवरी ईडी के हेडक्वार्टर में बुलाया गया था.

रिपोर्ट्स की मानें तो अनिल अंबानी के रिलायंस ग्रुप के खिलाफ कथित बैंक धोखाधड़ी और उससे जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए एक स्पेशल जांच टीम गठित की गई है और अब तक इस मामले में कार्रवाई करते हुए ईडी ने अनिल अंबानी और समूह की कंपनियों के करीब 12,000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्द की है.