‘पावर नहीं हैं तो मीटिंग से चले जाएं’, SP उपासना पर भड़के अनिल विज, डीसी अपराजिता को करना पड़ा हस्तक्षेप

हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज और एक महिला आईपीएस अफसर के बीच तीखी नोकझोक सामने आई है. एक बैठक के दौरान एक पुलिस जवान को सस्पेंड करने के मामले को लेकर अनिल विज और महिला आईपीएस अफसर के बीच ये नोकझोक हुई. इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अनिल विज महिला आईपीएस अफसर को एक एएसआई को सस्पेंड करने को लेकर बहस कर रहे हैं. शुक्रवार को कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक हो रही थी. इस बैठक में जमीन बिक्री मामले में धोखाधड़ी की सुनवाई चल रही थी. इस कथित धोखाधड़ी में पुलिस वालों का नाम भी शामिल है. लिहाजा अनिल विज ने इस मामले में एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने के आदेश दिए लेकिन जिला एसपी उपासना ने कहा कि वो उनको सस्पेंड नहीं कर सकतीं. इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोक हुई.

इस पूरी नोकझोक का एक वीडियो भी सामने आया है. एसपी उपासना ने जब कहा कि वो पुलिकर्मी को सस्पेंड नहीं कर सकतीं तो अनिल विज भड़क गए. उन्होंने कहा कि उनके नाम से डीजीपी को लिखा जाए कि वो उनके कहने पर अधिकारी को सस्पेंड कर रही हैं.

इसके बाद भी एसपी उपसाना मानी नहीं और उन्होंने अधिकारी को सस्पेंड करने से इनकार कर दिया. इसके बाद अनिल विज ने उन्हें सख्त लहजे में आदेश देते हुए कहा कि अगर आपके पास पावर नहीं है तो आप समिति की बैठक से उठकर चली जाएं. इसके बाद एसपी ने माना कि आपके आदेश का हवाला देकर पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने के लिए लिखा जाएगा. इस बीच जिला कलेक्टर अपराजिता को दोनों के बीच हस्तक्षेप करना पड़ा, तब जाकर मामला थोड़ा शांत होता नजर आया.

दरअसल अनिल विज चाहते थे कि ASI को सस्पेंड करें लेकिन SP कह रही थीं कि ASI कुरुक्षेत्र जिले में तैनात है मेरे पास उनको सस्पेंड करने की पावर नहीं है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच गहमागहमी हो गई थी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *