कनाडा में हॉस्पिटल पर चींटियों का हमला, ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचीं, कैंसिल हो रहीं सर्जरी, मरीज़ परेशान

कनाडा के मैनिटोबा प्रांत में स्थित कार्मन मेमोरियल अस्पताल इन दिनों एक बेहद असामान्य लेकिन गंभीर समस्या से जूझ रहा है, जिसके चलते कई सर्जरी अनिश्चितकाल के लिए रोकनी पड़ी हैं. अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, गलियारों और दरवाजों के नीचे तक चींटियां दिखाई देने लगीं, जिसके बाद अधिकारियों ने मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की. अस्पताल का संचालन करने वाली दक्षिणी स्वास्थ्य-सैंटे सुड ने बताया कि फिलहाल 16 निर्धारित सर्जरी को रद्द या टाल दिया गया है, इनमें हर्निया और गॉलब्लैडर हटाने जैसी सर्जरी शामिल हैं, स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन थिएटर में पूरी तरह स्वच्छ और संक्रमणमुक्त वातावरण जरूरी होता है और वहां किसी भी प्रकार के कीड़े या गंदगी का जोखिम स्वीकार नहीं किया जा सकता.

हालांकि अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं अभी भी सामान्य रूप से चल रही हैं और जिन मरीजों को तुरंत सर्जरी की जरूरत है, उन्हें दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है, प्रभावित मरीजों से सीधे संपर्क कर नई तारीखें और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है. ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब अस्पताल में ये परेशानी आई हो.

अधिकारियों के मुताबिक यह समस्या इससे पहले अगस्त 2024 में भी सामने आई थी, उस समय कुछ हफ्तों में चींटियां खत्म हो गई थीं, लेकिन पिछले साल गर्मियों में वे फिर दिखाई देने लगीं, कई कीटनाशक उपायों के बावजूद इस साल वसंत के मौसम में समस्या दोबारा लौट आई, अब माना जा रहा है कि अस्पताल के आसपास चींटियों की बड़ी कॉलोनी बन चुकी है, जो खाने की तलाश में इमारत के अंदर घुस रही हैं. स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि चींटियां संभवतः ऑपरेशन थिएटर के दरवाजों के नीचे और दीवारों से अंदर पहुंच रही हैं, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नालियों की सफाई, दीवारें खोलना, चिपकने वाले जाल लगाना और कीट नियंत्रण विशेषज्ञों की मदद लेना जैसे कई कदम उठाए गए हैं, लेकिन अधिकारियों का मानना है कि अब लॉन्ग टर्म समाधान के लिए और एक्शन लेगे होंगे.