‘मैं ल‍ियोनेल मेसी और फैन्स से माफी मांगती हूं’, कोलकाता स्टेडियम में हंगामे के बाद CM ममता बनर्जी का पोस्ट, जांच कमेटी गठित

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज शनिवार (13 द‍िसंबर) को कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी से जुड़े इवेंट के दौरान हुई अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि वह इस कुप्रबंधन से ‘बेहद व्यथित और स्तब्ध’ हैं और इस घटना के लिए उन्होंने अर्जेंटीना के स्टार मेसी के साथ-साथ खेल प्रेमियों और फैन्स से माफी मांगी. ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में बताया कि वह हजारों फुटबॉल प्रेमियों के साथ विवेकानंद युवभारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) की ओर जा रही थीं, तभी वहां अव्यवस्था और भीड़ के बेकाबू होने की खबरें सामने आईं. मुख्यमंत्री ने लिखा- आज साल्ट लेक स्टेडियम में जो कुप्रबंधन देखने को मिला, उससे मैं बेहद व्यथित और स्तब्ध हूं. इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए मैं लियोनेल मेसी, सभी खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों से दिल से माफी मांगती हूं.

मुख्यमंत्री ने कलकत्ता हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस आशिम कुमार रे की अगुवाई में एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाने की घोषणा की, जिसमें राज्य के चीफ सेक्रेटरी और एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (होम एंड हिल अफेयर्स) सदस्य होंगे. पैनल को डिटेल में जांच करने, ज‍िम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुधार के उपाय सुझाने का काम सौंपा गया है.

BJP की पश्चिम बंगाल इकाई ने मेसी के इवेंट में हुई अव्यवस्था पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और तृणमूल सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया और कहा कि उसने बंगाल की ऐतिहासिक फुटबॉल संस्कृति को नष्ट कर दिया है.