मणिपुर स्टूडेंट्स मर्डर केस में 2 स्टूडेंट्स की हत्या के आरोप में CBI ने रविवार को 4 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें 2 महिलाएं हैं। इन्हें चुराचांदपुर से पकड़ा गया है। जांच एजेंसी दोनों महिलाओं को असम के गुवाहाटी ले गई है। गिरफ्तार लोगों में हत्या का मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी भी है। CBI उनकी दो बेटियों को भी साथ ले गई है, जिनकी उम्र 9 और 11 साल है। बेटियां नाबालिग हैं, इसीलिए उन्हें किसी रिश्तेदार को सौंप दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री एन बीरेन ने भी चार लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इनके नाम पाओमिनलुन हाओकिप, एस. मालस्वान हाओकिप, लिंग्नेइचोन बाइट और टिन्नुपिंग हैं। उन्होंने कहा कि हम दोषियों को मौत की सजा दिलाएंगे। उधर, चार आरोपियों के गिरफ्तारी का विरोध भी शुरू हो गया है। चुराचांदपुर में प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों को बेकसूर बताते हुए 48 घंटे में रिहाई की मांग की। उन्होंने रविवार रात से जिले में बंद का ऐलान कर दिया। इसके बाद राज्य में सेल्युलर इंटरनेट बैन 6 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया।
मणिपुर में 23 सितंबर को इंटरनेट बहाली के बाद मैदानी इलाकों से 27 और पहाड़ से 14 युवाओं के गायब होने की जानकारी सामने आई थी। इनका अब तक पता नहीं चला है।
कुकी समुदाय ने NIA पर लगाया लोगों के अपहरण का आरोप
कुकी संगठन ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) पर कुकी समाज के 2 नाबालिगों सहित 7 लोगों के अपहरण का आरोप लगाया है। इसके विरोध में चुराचांदपुर जिले में रविवार रात 10 बजे से अनिश्चितकालीन बंद की घोषणा की गई है। कुकी लोगों ने चेतावनी दी कि सभी 7 लोगों को 48 घंटे में रिहा करें, नहीं तो वे आंदोलन करेंगे।
संगठन ने सभी पहाड़ी जिलों के लोगों से अपील की कि मैतेई इलाकों से लगी सीमा से सील करें। बंद के दौरान सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। जल आपूर्ति, प्रेस-मीडिया, चिकित्सा, बिजली और आईटीएलएफ कर्मचारी को शटडाउन से छूट दी गई है।
मणिपुर स्टूडेंट्स मर्डर केस में 4 आरोपी गिरफ्तार, सभी आरोपियों को असम के गुवाहाटी ले गई CBI #ManipurNews #ManipurViolence #ManipurStudentsMurder #CBI pic.twitter.com/Ox2V8Y80oS
— India TV (@indiatvnews) October 2, 2023