CG : नारायणपुर में गाय काटने वाले 12 गिरफ्तार, मांस-खाल और धारदार हथियार जब्त

नारायणपुर। जिले के बेनूर थाना क्षेत्र के ग्राम मालिंगनार पटेलपारा में गोवंश वध के मामले में पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से गोवंश का कच्चा मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े, खाल तथा घटना में प्रयुक्त एक टंगिया और दो धारदार छुरियां जब्त की हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 27 जून को सूचना मिली थी कि मालिंगनार पटेलपारा में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी बेनूर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि घटनास्थल पर 12 लोग गोवंश को काटते मिले। बरामद सामग्री के आधार पर थाना बेनूर में अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। गिरफ्तार आरोपितों में मंगलूराम सलाम, सिद्दू सलाम, मनकूर वड्डे, सुखमन करंगा, रामसिंग सलाम, इतवारु राम करंगा, मंगिया सलाम, सोमारू सलाम, मंगेल सलाम, मनकू वड्डे, सोमजी सलाम और सन्नू शामिल हैं। सभी ग्राम मालिंगनार पटेलपारा के निवासी हैं। पुलिस ने नागरिकों से गोवंश संरक्षण संबंधी कानूनों का पालन करने और ऐसी किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।