अरविंद केजरीवाल का कार कंपनियों से ‘सवाल’, E20 पेट्रोल से माइलेज गिरा या इंजन बिगड़ा तो कौन देगा हर्जाना?

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को घोषणा की कि वे सरकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियों को चिट्ठी लिखेंगे और ग्राहकों के लिए लिखित आश्वासन मांगेंगे। दरअसल, वे गाड़ियों में इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपयोग करने पर आ रही शिकायतों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांग कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि वे कंपनियों से लिखित रूप में आश्वासन चाहेंगे कि यदि उनकी गाड़ियों में ई20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) का उपयोग किया जाए तो यदि माइलेज 10 फीसद से अधिक गिरता है, तो क्या कंपनी ग्राहक को नुकसान की भरपाई करेगी? यदि गाड़ी का कोई भी पार्ट डैमेज होता है, तो कंपनी उसे मुफ्त में रिप्लेस करेगी?

उन्होंने मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर और हीरो मोटोकॉर्प जैसी कंपनियों का जिक्र किया और आरोप लगाया कि उनकी सार्वजनिक बातें और ओनर मैनुअल में दी गई चेतावनियां (जो अक्सर ई10 तक सीमित सिफारिश करती हैं) एक-दूसरे से मेल नहीं खातीं।

केजरीवाल ने कहा कि अगले हफ्ते वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी चिट्ठी लिखेंगे और पूछेंगे कि ई20 से गाड़ी में कोई समस्या आने पर जिम्मेदारी और मुआवजा कौन देगा? सरकार या ऑटो कंपनियां? उन्होंने पहले भी मांग की थी कि पेट्रोल पंपों पर ई शूण्य (शुद्ध पेट्रोल), ई10 और ई20 के अलग-अलग विकल्प और अलग कीमत पर उपलब्ध हों।