जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट में शामिल होंगे अरविंद केजरीवाल, बोले- मेरा परिवार भी जाएगा
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वह 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में अपने परिवार के साथ शामिल होंगे. यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है. उन पर वोट चोरी के आरोप लगाए गए हैं.
अरविंद केजरीवाल ने लोगों से इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा, ‘मैं पूरे देश के लोगों से अपील करता हूं कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें. यह किसी एक व्यक्ति या पार्टी का मामला नहीं है, बल्कि देश का मामला है. यह प्रदर्शन कल जंतर-मंतर से शुरू हो रहा है. मैं जाऊंगा, मेरा पूरा परिवार जाएगा और आप सभी को भी जाना चाहिए.’
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जो लोग बीजेपी को वोट नहीं देते, उनके वोट काट दिए जाते हैं और फर्जी वोट जोड़े जाते हैं. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह सब ज्ञानेश कुमार के रहते खुलेआम हो रहा था. उन्होंने कहा कि पूरा देश ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. केजरीवाल ने एक बार फिर लोगों से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचकर चुनाव आयोग के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की.
दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और कुछ छात्र संगठनों ने बुलाया था.
नई दिल्ली रेंज की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नूपुर प्रसाद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रदर्शन के लिए आवेदन बहुत कम समय पहले दिया गया था. नियमों के मुताबिक, प्रदर्शन की सूचना 10 दिन पहले देनी होती है. उन्होंने यह भी कहा कि पहले CJP को प्रदर्शन की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसने कानूनी निर्देशों और अपने वादों का पालन नहीं किया था.
पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार अनुमति नहीं दी गई है. नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन समेत कई छात्र संगठन शामिल होने वाले थे. प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू की जाए. वे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक, जनवरी 2025 की मतदाता सूची बहाल करने और स्वतंत्र जांच की भी मांग कर रहे हैं.
