असम पुलिस ने पवन खेड़ा से 10 घंटे पूछताछ की, खेड़ा ने कहा था- CM हिमंता की पत्नी के पास 3 पासपोर्ट
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा से बुधवार को असम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब 10 घंटे पूछताछ की। मामला असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास 3 विदेशी पासपोर्ट और अमेरिका में 50 हजार करोड़ की कंपनी होने के आरोप से जुड़ा है। पवन खेड़ा ने 5 अप्रैल को दिल्ली और गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ये आरोप लगाए थे। इसके बाद रिनिकी भुइयां सरमा ने पवन के खिलाफ गुवाहाटी में FIR दर्ज कराई थी इसके बाद 7 अप्रैल को असम पुलिस ने खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पर रेड की थी। पवन से इसी मामले में आज फिर पूछताछ होगी। कांग्रेस नेता ने कहा- मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। सहयोग करना मेरा कर्तव्य है, क्योंकि एक संविधान है और मैं उसका पालन करूंगा। CM हिमंता ने कहा कि कानून अपना काम करेगा, लेकिन हमें केंद्र सरकार से पहले ही लिखित में मिल चुका है कि खेड़ा ने पासपोर्ट वाले जो दस्तावेज दिखाए थे, वे नकली थे। इसलिए, पुलिस जांच में ज्यादा समय नहीं लगेगा।
