आज रायपुर में गूंजेगी सहायक शिक्षकों की हुंकार, जांजगीर से हजारों शिक्षक विधानसभा घेरने रवाना
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला जांजगीर-चांपा ने अपनी सात सूत्री मांगों के समर्थन में 15 जुलाई को रायपुर में प्रस्तावित विधानसभा घेराव आंदोलन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आंदोलन से पहले फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष हरीश कुमार गोपाल के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा से मुलाकात कर उन्हें आंदोलन की औपचारिक सूचना देते हुए ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन के अध्यक्ष ने बताया कि प्रांतीय संगठन के आह्वान पर जिले के सभी विकासखंडों से सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचकर विधानसभा घेराव में शामिल होंगे। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन लंबे समय से लंबित शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए किया जा रहा है।
फेडरेशन की प्रमुख मांगों में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का निराकरण, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ, टीईटी संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान, एकल शिक्षक विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार तथा अन्य लंबित शिक्षक हितों से जुड़े मामलों का शीघ्र निराकरण शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी से आंदोलन की सूचना स्वीकार करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं और सरकार को इन पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उनका कहना है कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 15 जुलाई का विधानसभा घेराव प्रदेशभर के शिक्षकों की एकजुटता और अधिकारों की लड़ाई का महत्वपूर्ण आंदोलन साबित होगा।
