ईरान में 30 जगहों पर अटैक, दहल उठा तेहरान, सुरक्षित स्थान पर भेजे गए खामेनेई

इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान के खिलाफ “प्रीवेंटीव अटैक” यानी एहतियाती सैन्य कार्रवाई की शुरुआत की है. इजरायल के रक्षा मंत्री ने इस ऑपरेशन की आधिकारिक पुष्टि की है. इसी के साथ, इजरायली सेना ने पूरे देश में अपने नागरिकों के लिए “प्रोएक्टिव अलर्ट” जारी किया और सायरन बजाए ताकि संभावित ईरानी मिसाइल हमलों से पहले लोग सुरक्षित स्थानों पर जा सकें. इजरायल को हमले में अमेरिका का भी साथ मिला है. यानि यह संयुक्त हमला रहा. वहीं दूसरी ओर, ईरान की राजधानी तेहरान में कई जोरदार धमाकों की खबर आई है. स्थानीय मीडिया और चश्मदीदों के अनुसार, राजधानी के मध्य हिस्से में कम से कम तीन विस्फोट हुए हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक किसी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और नुकसान के स्तर के बारे में भी जानकारी प्रदान नहीं की है.

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर कूटनीतिक वार्ताएं जारी हैं. गुरुवार को जिनेवा में दोनों पक्षों के बीच तीसरे दौर की बातचीत हुई थी और आज नए दौर की बातचीत प्रस्तावित थी. लेकिन इजरायल की सैन्य कार्रवाई ने इस कूटनीतिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही ईरान को “बहुत कठिन” और “बहुत खतरनाक” बताया था. अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को बढ़ते खतरे के मद्देनजर इजरायल से गैर-जरूरी दूतावास कर्मियों को हटाने की अनुमति दी थी. इजरायल के हमले के बाद ईरान से आईं तबाही की तस्वीरें भयावह हैं. धुएं से तेहरान का आसमान ढक गया है.