एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर ने मोबाइल नंबर बदलकर दूसरे के अकाउंट में ट्रांसफर किए 15 लाख
प्रतीकात्मक चित्र
रायपुर। देवेंद्र नगर एक्सिस बैंक के मैनेजर ने अपने ही बैंक के डिप्टी मैनेजर के खिलाफ 15 लाख रुपए अमानत में खयानत करने की गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बैंक मैनेजर ने आरोप लगाया है कि बैंक के डिप्टी मैनेजर ने ग्राहक के बैंक अकाउंट में दर्ज मोबाइल नंबर को जान बूझकर छल पूर्वक बदलकर अकाउंट के एफडी में जमा 14.40 लाख रुपए तथा 49 लाख से ज्यादा की राशि किसी दूसरे के अकाउंट में ट्रांसफर कर अमानत में खयानत की है।
मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह और योगेश येडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया है कि डिप्टी मैनेजर ने सुषमा कुमार के बैंक खाता में दर्ज मोबाइल नंबर को एक फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फार्म भरकर मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद बैंक के मोबाइल एप एक्सिस मोबाईल एप के जरिये सुषमा कुमार के एक्सिस बैंक के खाता से उनके द्वारा फिक्स डिपॉजिट की गई राशि को इंडियन सेल्स प्रोपराइटर योगेश येडे के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। एफडी तथा रकम ट्रांसफर करने के बाद उस राशि को चेक तथा एटीएम के माध्यम से आहरण कर ठगी की।
बैंक कस्टमर सुषमा कुमार को अपने बैंक के एफडी और अकाउंट में जमा राशि किसी दूसरे के अकाउंट में ट्रांसफर होने की जानकारी सात जुलाई को मिली। इसके बाद बैंक के ग्राहक ने इसकी शिकायत बैंक मैनेजर के पास की। बैंक प्रबंधन ने अपने स्तर पर जांच की। जांच में योगेस येडे के इंडियन सेल्स के अकाउंट में ट्रांसफर होना पाया गया। उक्त इंडियन सेल्स के प्रोप्राइटर गुढ़ियारी का होना पाया गया। योगेश का मूल पता मध्यप्रदेश, जबलपुर है। विस्तृत जांच के बाद बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह की संलिप्तता सामने आने पर बैंक मैनेजर ने अपने डिप्टी मैनेजर तथा योगेश के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
