बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: SIT ने मांगा 3 साल का रिकॉर्ड, धाम पहुंचेगी कमिश्नर की हाईलेवल कमेटी
बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेराफेरी की जांच कर रही तीनों समितियों ने मामले से संबंधित रिकार्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं। एसआइटी ने समिति से दान, चढ़ावा व गणना करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का तीन साल का रिकार्ड मांगा है। गुरुवार को मंदिर समिति की ओर से एसआइटी को कुछ दस्तावेज उपलब्ध भी करा दिए गए। मंदिर समिति की जांच कमेटी फिलहाल मंदिर की आंतरिक व्यवस्था के संचालन में लापरवाही पर ध्यान केंद्रित किए हुए है। कमेटी दर्शन को लेकर आय-व्यय के दस्तावेज भी खंगाल रही है। जबकि, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति शुक्रवार को बदरीनाथ धाम पहुंच सकती है।
एसआइटी ने गुरुवार को आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल के विरुद्ध गबन का मुकदमा दर्ज कराने वाले प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण बयान दर्ज करने के साथ कर्मचारियों का ब्योरा मांगा। एसआइटी प्रभारी एवं डीएसपी मदन बिष्ट ने बताया कि मंदिर समित से मामले में अब हुई कार्रवाई से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।
मंदिर समिति की जांच टीम ने भी तीन दिन से बदरीनाथ में डेरा डाला हुआ है। टीम सीसीटीवी फुटेज के साथ गणना से संदर्भित कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। ताकि पता चल सके कि आंतरिक व्यवस्था के संचालन में किस तरह की लापरवाही बरती जाती रही।
बताया गया कि गढ़वाल कमिश्नर की अध्यक्षता में गठित जांच समिति शुक्रवार से कार्य शुरू कर सकती है। इसके लिए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों धाम में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। समिति चढ़ावे में हुई हेराफेरी के साथ मंदिर में वर्तमान व्यवस्थाओं का भी अध्ययन करेगी। साथ ही नागरिकों, हक-हकूकधारियों, यात्रियों व अधिकारियों से बेहतर यात्रा प्रबंधन को लेकर सुझाव भी लिए जाएंगे।
