UP : बागपत में बारात के दौरान हुई मारपीट, DJ पर डांस कर रहे लोगों ने परिवार पर किया पथराव

राष्ट्रीय

उत्तरप्रदेश : बागपत के हमीदाबाद गांव में एक बारात के दौरान हिंसा की घटना सामने आई है। शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना में एक परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं। घटना के समय बारात में कुछ लोग डांस कर रहे थे। ये लोग वाहन चालकों से अभद्रता करने लगे। इसके बाद उन्होंने सड़क किनारे स्थित एक मकान में रह रहे परिवार पर हमला कर दिया। पीड़ित महिला ने बताया कि हमलावरों ने उनके परिवार पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से हमला किया। इस हमले में परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। हमलावर घटना के बाद मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।