बड़ी खबर : बहराइच सांप्रदायिक हिंसा…एक व्यक्ति मौत.. मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव

राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश के बहराइच में हालात बेकाबू हो गए हैं। हजारों की भीड़ ने अस्पताल में आग लगा दी। कई शोरूम को फूंक दिया। भीड़ को देखकर पुलिस पीछे हट गई। आक्रोशित लोगों ने 5 किमी. लंबी शव यात्रा निकाली। आसपास के जिलों से और फोर्स को बुलाया गया है। रविवार को हरदी में दुर्गा प्रतिमा विजर्सन के दौरान डीजे बजाने को लेकर दूसरे समुदाय से विवाद हो गया था। इस दौरान हिंसा भड़क गई। पथराव-आगजनी के साथ 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। इसमें 22 साल के राम गोपाल मिश्रा की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम हुआ तो पता चला कि उस पर गोली के साथ ही चाकू से भी हमला हुआ। सुबह शव घर पहुंचा तो 5-6 हजार की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने शव को लेकर करीब 5 किमी तक यात्रा निकाली। पुलिस ने समझाया तो परिवार शव को घर ले गया, लेकिन भीड़ वहां से नहीं हटी। भीड़ ने आगजनी शुरू कर दी। पुलिस भी भीड़ को देखकर किनारे हो गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। वह शव को लेकर तहसील मुख्यालय की तरफ बढ़ रहे हैं। इस बीच भारी संख्या में पुलिस मौजूद है। बहराइच सांप्रदायिक हिंसा में जान गंवाने वाले रामगोपाल मिश्रा का पोस्टमार्टम सुबह साढ़े तीन बजे के बाद शुरू हुआ। पोस्टमार्टम सुबह सात बजे पूरा हुआ। इसके बाद शव उनके घर की तरफ रवाना किया गया। साथ पुलिस का बंदोबस्त मौजूद है। इस घटना के बाद क्षेत्र में अभी भी तनाव व्याप्त है। महराजगंज और महसी इलाके के निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। बहराइच की सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बहराइच के कई हिस्सों में हिंसा हुई। इस बीच देर रात मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर किया किया। सूत्रों के अनुसार 20 से 25 लोगों के हिरासत में लेने की खबरें आ रही हैं। उधर दूसरी ओर पूजा कमेटी देर रात तक इस बात पर अड़ी रहीं कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो। आरोपियों को फांसी देने के नारे देर रात सड़कों पर गूंजते रहे। महराजगंज की घटना के विरोध में पूरे बहराइच जिले में बवाल बढ़ गया है। देर रात तक प्रदर्शन और जगह-जगह आगजनी होती रही। इस बीच पुलिस व प्रशासन बैकफुट पर नजर आया। डीजीपी की सख्ती के बाद देर रात हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। एक साथ पूरे जिले में विरोध शुरू होने पर आला अधिकारी भी सकते में नजर आए।