अयोध्या : 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी समाजवादी पार्टी के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान की बेकरी को दो बुलडोजरों की मदद से सिर्फ डेढ़ घंटे के भीतर जमींदोज कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद शनिवार को सुबह 11:00 बजे इस बेकरी को ध्वस्त करने के लिए बुलडोजर पहुंचा। यहां पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह और अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र सिंह के साथ एसडीएम सोहावल अशोक सैनी की मौजूदगी में भारी पुलिस फोर्स को लेकर कार्रवाई शुरू की गई। सुबह पहले बुलडोजर ने बेकरी की दीवार के एक हिस्से को ध्वस्त ही किया था कि वह तालाब की कच्ची मिट्टी में फंस गया। इसके बाद कार्रवाई रुक गई। प्राधिकरण की ओर से दूसरा बुलडोजर मंगाया गया। करीब एक घंटे बाद दोपहर 12:00 बजे दूसरा बुलडोजर पहुंचा। दो बुलडोजरों ने मिलकर दोपहर 1:30 बजे तक पूरी बेकरी को जमींदोज कर दिया। बेकरी के भवन के साथ इसकी दीवारें भी गिरा दी गईं। इसके बाद तालाब के दूसरे हिस्से में आरोपी सपा नेता की ओर से दीवार घेर कर किए गए कब्जे को भी धराशाई कर दिया गया। आरोपी के घर को भी ढहाया जाएगा।
आरोपी मोईद खान की बेकरी पर शनिवार को सहायक खाद्य आयुक्त ने छापामारी की कार्रवाई की। इस दौरान बेकरी में बन रहे खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इसके बाद बेकरी को सील कर दिया गया है। सहायक आयुक्त मानिक चंद ने बताया कि बेकरी का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बेकरी काफी बड़े भूखंड पर कब्जा करके बनवाई गई थी। भूखंड के एक हिस्से में बेकरी थी जबकि बड़े हिस्से में फसल बोई गई है। इससे पहले, अयोध्या जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र में बालिका से दुष्कर्म के आरोपी से सुलह-समझौता करने का दबाव बनाते हुए धमकी देने के मामले में पुलिस ने भदरसा नगर पंचायत चैयरमैन व दो सपा नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अयोध्या में नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार के मुख्य आरोपी सपा नेता “मोईद खान” की बेकरी पर पुलिस बल के साथ बुलडोजर पहुंचा।
“बेकरी को अवैध पाए जाने के बाद सील कर दिया गया है और बेकरी को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है”
: SDM अशोक कुमार
pic.twitter.com/9PTrZQZdYb— Baat Bharat Ki (@eBBKLive) August 3, 2024