बलूच विद्रोही पाकिस्तानी सेना से ज्यादा एडवांस्ड और महंगे हथियार इस्तेमाल कर रहे, पाक रक्षा मंत्री का कबूलनामा

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तानी सेना बलूचिस्तान की रखवाली करने में अक्षम है। उन्होंने माना है कि पाकिस्तानी सेना हाल ही में आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी के बीच बलूचिस्तान की सुरक्षा और गश्त करने में संघर्ष कर रही है। उनका यह कबूलनामा बलूचिस्तान में बलूच विद्रोहियों के भीषण हमले के बाद आया है। सोशल मीडिया पर कई असत्यापित वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें पाकिस्तानी सैनिकों को बलूच विद्रोहियों के हमलों के डर से भागते हुए दिखाया गया है।

सोमवार को नेशनल असेंबली में बोलते हुए, ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सरकार को बड़ी संख्या में सैनिकों को तैनात करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि बलूचिस्तान पाकिस्तान के कुल भौगोलिक क्षेत्र का 40 प्रतिशत से अधिक है, जिससे प्रभावी नियंत्रण करना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा, “बलूचिस्तान भौगोलिक रूप से पाकिस्तान के 40 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है।”

उन्होंने कहा, “इतने बड़े क्षेत्र को नियंत्रित करना घनी आबादी वाले शहर को संभालने से कहीं ज्यादा मुश्किल है। हमारे सैनिक तैनात हैं और सक्रिय रूप से लगे हुए हैं, लेकिन जब इतने बड़े क्षेत्र की रखवाली और गश्त करने की बात आती है तो वे शारीरिक रूप से अक्षम हैं।”

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने यह भी खुलासा किया कि बलूचिस्तान में विद्रोहियों के पास पाकिस्तान की सेना से ज्यादा एडवांस्ड और महंगे हथियार हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादी (विद्रोही) लगभग 20 लाख रुपये की राइफलें, 4,000-5,000 डॉलर के थर्मल और लेजर सिस्टम और हर बलूच विद्रोही लगभग 20,000 डॉलर के पूरे कॉम्बैट गियर पैकेज का इस्तेमाल कर रहा है।