यूपी का बांदा लगातार 8वें दिन 47°C पार, देश में सबसे गर्म शहर, पंजाब में स्कूल-सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग बदली

देश के उत्तर-पश्चिम में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर में दिल्ली-हिमाचल, यूपी, दक्षिण-पश्चिम में ओडिशा और तेलंगाना भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। पश्चिम में गुजरात, महाराष्ट्र और सेंट्रल इंडिया में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के एमपी से लगा हिस्सा और छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे खतरनाक दौर चल रहा है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को यूपी के बांदा और विदर्भ का ब्रह्मपुरी में सबसे ज्यादा गर्म रहे। यहां लगातार 8वें दिन 47°C से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। छतरपुर का खजुराहो 47.2°C के साथ तीसरे नंबर पर और नौगांव 46.8°C के साथ चौथा सबसे गर्म शहर रहा। बढ़ती गर्मी के कारण पंजाब सरकार ने सरकारी दफ्तरों और स्कूलों का समय बदल दिया है। सरकारी स्कूल और दफ्तर सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक खुलेंगे। चंडीगढ़ के स्कूलों में समर कैंपों में आउटडोर एक्टिविटी पर रोक लगा दी गई है। बात मानसून की करें तो यह पिछले तीन दिन से केरल के तट से 30-35 किमी दूर अटका है। केरल के तटीय इलाके, तमिलनाडु और कर्नाटक में बारिश हो रही है। लेकिन, मानसून आने की सभी शर्तें पूरी नहीं हो पा रहीं।

अगले दो दिन के मौसम का हाल

27 मई:

छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव चलने की आशंका।
बिहार, केरलम, असम, मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है।

28 मई:

छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और यूपी में हीटवेव का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में गर्मी रहेगी। गुजरात और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब में ओले गिरने के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट।
बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब, यूपी समेत कई राज्यों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।