विमेंस टी-20 वर्ल्डकप में भारत को नहीं हरा पाया बांग्लादेश, दोनों आज टूर्नामेंट में चौथी बार भिड़ेंगे
विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में गुरुवार को 2 मैच खेले जाएंगे। पहला मैच भारत और बांग्लादेश के बीच मैनचेस्टर में शाम 7 बजे से शुरू होगा। जबकि, दूसरा मैच साउथ अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच रात 11 बजे से ब्रिस्टल में खेला जाएगा। भारत, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने-अपने मैच हर हाल में जीतने होंगे। ग्रुप-A में शामिल तीनों टीमें के 3 मैचों में 4-4 अंक हैं। नीदरलैंड टॉप-4 की रेस से बाहर हो चुकी है। टूर्नामेंट के इतिहास में बांग्लादेश की टीम भारत को कभी नहीं हरा सकी है। दोनों अब तक 3 बार आमने-सामने हुई हैं, तीनों बार भारतीय टीम को जीत मिली है।
टी-20 में दोनों टीमें अब तक 23 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें भारत ने 20 मुकाबले जीते हैं। बांग्लादेश सिर्फ 3 ही जीत सकी हैं। भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने इस वर्ल्डकप में 3 मैचों में 154.36 की स्ट्राइक रेट से 159 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 74 रन रहा है। गेंदबाजी में श्री चरणी टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 3 मैचों में 10 विकेट लिए हैं। उनकी इकोनॉमी सिर्फ 5.33 रही है। पारी में उनका बेस्ट प्रदर्शन 19 रन देकर 4 विकेट है।
इन दोनों के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स पर भी नजर रहेगी। वह अब तक टूर्नामेंट में सिर्फ 32 रन बना सकी है। रोड्रिग्स बांग्लादेश के स्पिनर्स के खिलाफ अहम साबित हो सकती हैं। 2025 से स्पिनर्स के खिलाफ टी-20 में उनका औसत 40.85 और स्ट्राइक रेट 143.71 रहा है। भारत प्लेइंग-11 में बदलाव कर सकता है। प्रेमा रावत की जगह राधा यादव इस मैच में खेल सकती हैं।
बांग्लादेश के लिए जुआरिया फिरदौस ने इस वर्ल्डकप में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उन्होंने 3 मैचों में 65 रन बनाए हैं। 50 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा है। गेंदबाजी में संजीदा अख्तर मेघला टीम की स्ट्रेंथ हैं। उन्होंने 2 मैचों में 4 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 6.25 रही है।
मैनचेस्टर में इस वर्ल्डकप के दौरान स्पिन गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। यहां स्पिनर्स ने 22 विकेट लिए हैं, जबकि पेसर्स को 19 विकेट मिले हैं। स्पिनर्स की इकोनॉमी भी बेहतर रही है। दोनों टीमें एक्स्ट्रा स्पिनर के साथ मैदान पर उतर सकती हैं।
