‘बांग्लादेश ने क्रांति का रास्ता दिखाया’, अपने बयान पर घिरीं नेहा बोरा, BJP का राहुल गांधी पर हमला

नेहा बोरा के एक वीडियो संदेश को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है. नेहा बोरा ने बांग्लादेश के सोशलिस्ट स्टूडेंट्स फ्रंट (SSF) के छठे राष्ट्रीय सम्मेलन के मौके पर 14 अक्टूबर को दिए संदेश में कहा कि बांग्लादेश ने उन्हें क्रांति का रास्ता दिखाया है. उन्होंने बांग्लादेश के छात्र आंदोलन से प्रेरणा लेने और उससे सबक सीखने की बात कही. नेहा बोरा ने कहा, “हम आपको रास्ता दिखाने के लिए बधाई देते हैं. हम जानते हैं कि आपके देश में धार्मिक कट्टरपंथ के खिलाफ जो लड़ाई आप लड़ रहे हैं, वही लड़ाई आज यहां के युवा भी लड़ रहे हैं.” उन्होंने कहा कि वह बांग्लादेश के छात्रों के साथ एकजुटता जाहिर करती हैं और उनके आंदोलनों से प्रेरणा लेती हैं.

नेहा बोरा ने भारत और बांग्लादेश के युवाओं के संघर्ष के बीच तुलना भी की. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में युवा धार्मिक कट्टरपंथ के खिलाफ लड़ रहे थे, जबकि भारत में छात्र मोदी सरकार के खिलाफ इसी तरह की लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत और बांग्लादेश के युवा मिलकर बेहतर दक्षिण एशिया और बेहतर दुनिया के लिए संघर्ष कर सकते हैं.

बांग्लादेश का सोशलिस्ट स्टूडेंट्स फ्रंट उस जुलाई विद्रोह में शामिल रहा था, जिसके बाद शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी. नेहा बोरा के वीडियो में भारत की शिक्षा व्यवस्था के भगवाकरण का मुद्दा भी उठाया गया है.

बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने नेहा बोरा के बयान को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि नेहा बोरा, जिन्हें उन्होंने राहुल गांधी की ‘पोस्टर गर्ल’ बताया, उनके बयान से साबित होता है कि राहुल गांधी का विरोध राजनीतिक नहीं है.

प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि इसका मकसद सत्ता परिवर्तन है. उन्होंने नेहा बोरा के बयान का हवाला देते हुए कहा कि वह बांग्लादेश में हुए सत्ता परिवर्तन से प्रेरित हैं और उसे भारत में दोहराना चाहती हैं.