बांग्लादेशी रॉकस्टार जेम्स का फरीदपुर में कॉन्सर्ट रद्द, पत्थरबाजी में कई लोग घायल

बांग्लादेश के मशहूर रॉक बैंड ‘नागर बौल’ (Nagar Baul) का फरीदपुर डिस्ट्रिक्ट स्कूल के 185वें स्थापना दिवस समारोह के समापन दिवस पर होने वाला कॉन्सर्ट उस वक्त रद्द करना पड़ा, जब उपद्रवियों ने आयोजन स्थल पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और स्टेज पर कब्जा करने की कोशिश की. इस घटना में कम से कम 20 लोग घायल हो गए. कॉन्सर्ट में बांग्लादेशी रॉकस्टार जेम्स परफॉर्म करने वाले थे. पुलिस के अनुसार, जेम्स को शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे परफॉर्म करना था. कॉन्सर्ट शुरू होने से कुछ देर पहले, बाहरी लोगों के एक समूह ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने का प्रयास किया. जब सुरक्षाकर्मियों और आयोजकों ने उन्हें रोका, तो समूह ने पत्थर और ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं और मंच पर कब्जा करने की कोशिश की.स्कूल के छात्रों ने हमलावरों का विरोध किया और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया.

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को बांग्लादेश की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों– जिनमें हिंदू, ईसाई और बौद्ध शामिल हैं, उनके खिलाफ जारी हिंसा को लेकर हम चिंतित हैं और इस मुद्दे को वहां की अंतरिम सरकार के समक्ष उठाया है. बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की करीब 2,900 घटनाएं दर्ज की गई हैं.’ बंगाल भाजपा के नेता दिलीप घोष ने दावा किया है कि बांग्लादेश में हिंदुओं को देश छोड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है ताकि उनकी संपत्ति पर कब्जा किया जा सके. घोष ने कहा, ‘बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है और उन पर हमले किए जा रहे हैं. लोग हिंदुओं की संपत्तियों पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे उन्हें देश छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है… बांग्लादेश की कमजोर सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असमर्थ है.’