हिंद महासागर में बांग्लादेशी मालवाहक जहाज हाईजैक, शिप को सोमालिया ले रहा हे समुद्री डाकू

अंतरराष्ट्रीय

हिंद महासागर में सोमालिया के लुटेरों ने एक बांग्लादेशी जहाज को हाईजैक कर लिया है। हमला सोमालिया की राजधानी मोगादिशु से पूर्वी तरफ करीब 1100 किमी दूरी पर हुआ। मर्चेंट वेसल अब्दुल्लाह नाम का यह जहाज मोजाम्बिक से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जा रहा था।

मंगलवार को करीब 15-20 हथियारबंद लुटेरों ने जहाज पर हमला कर दिया। इस पर करीब 55 हजार टन कोयला मौजूद है। 23 बांग्लादेश क्रू सदस्यों वाले इस जहाज को लुटेरे सोमालिया ले जा रहे हैं। वहीं बांग्लादेशी ढाका ट्रिब्यून ने जहाज पर मौजूद एक क्रू सदस्य के हवाले से बताया कि उन पर करीब 50 लुटेरों ने हमला किया। जहाज की ओनर कंपनी कबीर स्टील री-रोलिंग मिल्स ने जहाज के हाईजैक होने की पुष्टि की। कंपनी के एडवाइजर ने बताया कि फिलहाल सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने क्षेत्र से आने-जाने वाले दूसरे जहाजों को सावधानी बरतने को कहा है। साथी ही वो मामले की जांच कर रहे हैं। अफ्रीका के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर यूरोप की एंटी-पाइरेसी ऑपरेशन्स टीम के साथ मिलकर लुटेरों के हमलों को ट्रैक कर रही है। एजेंसी ने बताया कि पिछले साल नवंबर से लेकर अब तक अदन की खाड़ी में 20 बार जहाज हाईजैक करने की कोशिश की जा चुकी है।

पिछले साल इजराइल-हमास जंग की शुरुआत के बाद से अरब और लाल सागर में मर्चेंट वेसल पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।