बालोद में बैंक फ्रॉड.. आर्मी जवान से लाखों की ठगी, बैंक के कर्मचारी पर FIR दर्ज
बालोद जिले में एक चौंकाने वाला बैंक फ्रॉड सामने आया है, जहां एक प्राइवेट बैंक कर्मचारी ने आर्मी के जवान के साथ लाखों रुपए की ठगी कर दी। आरोपी कर्मचारी ने चालाकी से लोन प्रक्रिया में हेरफेर करते हुए जवान को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार, आर्मी का जवान केवल 2 लाख रुपए का लोन लेने बैंक पहुंचा था। लेकिन बैंक कर्मचारी ने उसकी जानकारी के बिना उसके खाते में 17 लाख रुपए का लोन डाल दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 17 लाख रुपए खाते में डालने के बाद आरोपी कर्मचारी ने उसमें से 15 लाख 50 हजार रुपए किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस तरह पूरे मामले में सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया गया।
इस फर्जीवाड़े का खामियाजा अब आर्मी के जवान को भुगतना पड़ रहा है। उसे पूरे 17 लाख रुपए के लोन की किस्तें चुकानी पड़ रही हैं, जबकि उसने इतना बड़ा लोन लिया ही नहीं था।
यह पूरा मामला बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां इस धोखाधड़ी की घटना सामने आई है। पीड़ित जवान की शिकायत पर पुलिस ने प्राइवेट बैंक कर्मचारी रेखराम साहू के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
