बैंक में अफसर बनने का सुनहरा मौका! ₹85,000 से ज्यादा सैलरी और 3 इंक्रीमेंट का तोहफा

पंजाब एंड सिंध बैंक ने 1000 पदों पर भर्ती निकाली है. ये भर्ती लोकल बैंक ऑफिसर यानी LBO के पद के लिए है. इसका नोटिफिकेशन 30 मार्च 2026 को जारी किया गया है. आवेदन प्रक्रिया 31 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है. फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 20 अप्रैल 2026 तय की गई है. इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है. इस नौकरी के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र में छूट मिलेगी. पढ़ाई की बात करें तो किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन जरूरी है. साथ ही उम्मीदवार के पास किसी बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में अफसर के रूप में कम से कम 18 महीने का अनुभव होना चाहिए.

आवेदन शुल्क भी कैटेगरी के हिसाब से तय किया गया है. जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये फीस देनी होगी. वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए यह फीस 100 रुपये रखी गई है. भर्ती के तहत पूरे देश में 1000 पद भरे जाएंगे. सबसे ज्यादा 200 पद उत्तर प्रदेश में हैं. इसके अलावा गुजरात में 125 और पंजाब में 100 पद हैं. अन्य राज्यों में भी अलग-अलग संख्या में भर्तियां की जाएंगी.

सैलरी की बात करें तो यह नौकरी काफी आकर्षक है. चयनित उम्मीदवारों को JMGS-I स्केल के तहत 48,480 रुपये से लेकर 85,920 रुपये तक की सैलरी मिलेगी. जॉइनिंग के समय ही तीन इंक्रीमेंट दिए जाएंगे. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, मेडिकल सुविधा और यात्रा भत्ता जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी. यानी यह नौकरी न सिर्फ स्थिर है, बल्कि सुविधाओं के मामले में भी काफी अच्छी मानी जाती है.

चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी. यह 120 नंबर की परीक्षा होगी और इसमें 2 घंटे का समय मिलेगा. इसमें अंग्रेजी, बैंकिंग, सामान्य ज्ञान और कंप्यूटर से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. इसके बाद इंटरव्यू होगा. साथ ही लोकल लैंग्वेज टेस्ट भी देना होगा. अंतिम मेरिट में लिखित परीक्षा के 70 प्रतिशत और इंटरव्यू के 30 प्रतिशत अंक जोड़े जाएंगे. आवेदन करने के लिए उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें. फॉर्म भरें. जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. फीस जमा करें और अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट जरूर रख लें.