रायपुर में बिक रही प्रतिबंधित पाकिस्तानी ‘गोरी’ क्रीम, कॉस्मेटिक दुकानों पर छापा
रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री की सूचना पर ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने दुकानों में छापा मारा। ओम ब्यूटी सेंटर से टीम ने पाकिस्तान में बनी 236 क्रीम जब्त की हैं। इनमें 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल हैं। जब्त क्रीम की कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई है। क्रीम की पैकेजिंग पर पाकिस्तान में निर्मित होना लिखा मिला। टीम ने क्रीम जब्त कर जांच के लिए उनके नमूने भी लिए हैं। विभाग के मुताबिक, गोल बाजार की अन्य दुकानों की भी जांच की गई, लेकिन वहां इस तरह की क्रीम नहीं मिली।
एक दिन पहले दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि केंद्र सरकार के पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर बैन के बावजूद बाजार में यह क्रीम 300 से 550 रुपए तक में बेची जा रही थी।
दुकानदार ग्राहकों को चेहरा गोरा करने का दावा कर इसे बेच रहे थे। इस क्रीम में खतरनाक मात्रा में मरकरी यानी पारा होने की चेतावनी है। इसके इस्तेमाल से किडनी और नर्वस सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
पाकिस्तान में बनी इस क्रीम की बिक्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि, आयात पर प्रतिबंध के बाद भी यह रायपुर के बाजारों तक कैसे पहुंची। गोल बाजार में ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने दुकानों में पहुंचकर जांच की।
टीम इस बात की पड़ताल कर रही है कि प्रतिबंधित क्रीम कहां से लाई गई और इसकी सप्लाई किस माध्यम से हो रही थी।
दुकानदार ग्राहकों को क्रीम लगाने से चेहरे का रंग गोरा होने का दावा कर रहे थे। इसकी कीमत 300 से 550 रुपए तक बताई जा रही है।
हालांकि, क्रीम में मरकरी यानी पारा होने की चेतावनी दी गई है। इसका इस्तेमाल किडनी और नर्वस सिस्टम के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
नागपुर में किडनी की परेशानी से जूझ रही करीब 18 महिलाओं के गोरी क्रीम का नियमित इस्तेमाल करने की बात सामने आई थी। किडनी विशेषज्ञों को 2023-24 से ऐसे मरीज मिल रहे थे। इसके बाद इस क्रीम के नमूने की निजी लैब से जांच कराई गई। महाराष्ट्र एफडीए की जांच में पारे (मर्करी) की मात्रा कई गुना अधिक तक मिली थी।
डीकेएस के बर्न और प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दक्षेश शाह ने बताया कि, इस क्रीम में मरकरी (पारा) की मात्रा निर्धारित सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक है। इसके इस्तेमाल से किडनी को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।
इसके अलावा मरकरी का शरीर के नर्वस सिस्टम पर भी बुरा असर पड़ता है, जिससे न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में व्यक्ति को पैरालिसिस तक हो सकता है।
