राजस्थान का बाड़मेर सबसे गर्म, 46.8°C तापमान, देश के 9 शहरों में पारा 44°C पार
राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हीटवेव जैसे हालात हैं। रविवार को चारों राज्यों के 9 शहरों में पारा 44°C के पार रहा। राजस्थान का बाड़मेर 46.8°C के साथ देश में सबसे गर्म शहर रहा। जैसलमेर में तापमान 46.3°C और फलोदी में 46°C पहुंच गया। मध्य प्रदेश के रतलाम में 45.5°C तापमान रहा। भोपाल में 40.4°C तापमान में 42°C जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 मई को तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ेगा। भोपाल में पारा 42 से 43 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। इधर, गुजरात के राजकोट में 44.3°C और अमरेली में 44.1°C तापमान के कारण हीटवेव चली। महाराष्ट्र का जलगांव 44.5 डिग्री के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा। बिहार में आंधी-बारिश का दौर जारी है। यहां कैमूर जिले में रविवार को सबसे ज्यादा तापमान 38.4°C रहा। उत्तराखंड के कई हिस्सों, खासकर पहाड़ी इलाकों में 12 और 13 मई को बारिश और खराब मौसम की आशंका है। गढ़वाल कमिश्नर ने इस दौरान चार धाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और यात्रा से बचने की अपील की है।
12 मई:
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में बारिश, गरज-चमक और 30-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिर सकते है। पहाड़ी इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।
13 मई:
पूर्वी यूपी, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि का असर बना रह सकता है। पंजाब और हरियाणा में भी तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में बारिश के साथ बिजली गिर सकती है।
