राजस्थान के बाड़मेर में झुलसा देने वाली गर्मी, 46°C पहुंचा तापमान, भीषण लू का यलो अलर्ट

राष्ट्रीय

राजस्थान : बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यानी मंगलवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जयपुर में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने राजस्थान में लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में तापमान और बढ़ेगा। खासकर जयपुर, जोधपुर और भरतपुर संभाग में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान जयपुर, जोधपुर और भरतपुर संभाग में तापमान और बढ़ सकता है। तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। जयपुर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर समेत कुछ जिलों में तापमान पहले ही 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बाड़मेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर में 7 मई को सबसे ज्यादा 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

जालौर में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री, फलोदी में 45.4 डिग्री, जैसलमेर और गंगानगर में 45.2 डिग्री, जोधपुर में 45.0 डिग्री, कोटा और बीकानेर में 44.6 डिग्री, वनस्थली में 44.1 डिग्री, संगरिया में 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सूबे में सबसे कम तापमान माउंट आबू के पहाड़ी इलाकों में 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आलम यह है कि सूबे के कई हिस्सों में भीषण लू चल रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान में तापमान के और बढ़ने की आशंका जताई है। हालांकि 10 मई के बाद कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। 9 मई को जोधपुर, बीकानेर संभाग में भीषण लू की स्थितियां रहेंगी। जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। 10 मई को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में लू चलने की संभावना है। 10 से 11 मई तक एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे विभिन्न इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।