रायपुर कोर्ट में युवक को वकीलों ने पीटा.. मारपीट में रेलिंग टूटी, IPS से भी झूमाझटकी

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़  :  रायपुर कोर्ट में वकीलों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी है। युवक पर एक वकील को जान से मारने की कोशिश का आरोप था। जिसके बाद पुलिस उसे अदालत लेकर पहुंची थी। जहां पर वकीलों ने झूमाझटकी करते हुए बाल खींचकर युवक को पीटना शुरू कर दिया। इस हंगामे में IPS सहित कई पुलिस वालों के साथ भी जमकर धक्का-मुक्की हुई।

मनोज कुमार सिंह ने खमतराई थाने में एफआईआर दर्ज करवाई। उसने बताया कि अजय सिंह उनका साढ़ू भाई है। जिसके साथ पुराना विवाद है। 16 जनवरी को सुबह साढ़े 7 बजे के करीब मनोज अपने परिचित वकील दीर्घश कुमार शर्मा के साथ खड़ा था। दोनों वहां महादेव के मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे थे। तभी अजय आ पहुंचा। उसने दीर्घश को कहा कि तुम ही मेरे खिलाफ मनोज का केस लड़ते हो। फिर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद अजय सिंह ने दीर्घश को थप्पड़ जड़ दिया। फिर पत्थर से हमला कर दिया। जिसे दीर्घश घायल हो गया और खून निकलने लगा। कुछ दूर आगे बढ़ने पर अजय सिंह फिर एक बार चाकू लेकर दौड़ते हुए आया। फिर मनोज के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर अजय को रोका।

इस वारदात के बाद खमतराई थाने में वकीलों ने बवाल कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अजय सिंह को हिरासत में लिया गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मारपीट, गाली गलौज और जानलेवा हमला के मामले में एफआईआर दर्ज किया है। इसी केस के बाद पुलिस शुक्रवार को आरोपी अजय सिंह को जज के सामने पेश करने के लिए अदालत लेकर आई थी। यहां पर घटना के बाद भड़के वकीलों ने उस पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार झूमाझटकी और मारपीट में कोर्ट के बाहर लगी स्टील रेलिंग भी टूट गई। इसके अलावा आरोपी की सुरक्षा में रायपुर ASP ग्रामीण कीर्तन राठौर, सिविल लाइन CSP और IPS अजय कुमार, CSP कोतवाली समेत करीब आधा दर्जन थाना प्रभारी और पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद भी वकीलों ने आरोपी को जमकर पीट दिया। इस मारपीट में कई पुलिस वालों को भी चोटें आई हैं।